ईमेल आज लगभग हर किसी की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। ऑफिस का काम हो, बैंक से जुड़ी जानकारी हो या कोई जरूरी बातचीत सब कुछ Gmail पर ही टिका होता है। अब गूगल ने Gmail को और स्मार्ट बनाने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने Gmail में Gemini AI को शामिल कर दिया है, जिससे इनबॉक्स सिर्फ मेल पढ़ने की जगह नहीं रहेगा, बल्कि एक डिजिटल असिस्टेंट की तरह काम करेगा।
Gemini AI से कैसे बदलेगा Gmail का इनबॉक्स
गूगल के मुताबिक, Gemini AI को सीधे Gmail के इनबॉक्स से जोड़ा जा रहा है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब लंबे-लंबे ईमेल या पूरे थ्रेड पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। AI खुद पूरे ईमेल या कई रिप्लाई वाले थ्रेड का छोटा और आसान सार बनाकर दिखा देगा।
इसके अलावा, ईमेल का जवाब लिखना या नया मेल तैयार करना भी अब पहले से कहीं आसान हो जाएगा। Gemini AI यूजर को मेल लिखने में मदद करेगा और जरूरत के हिसाब से भाषा और टोन भी सेट कर देगा।
पुराने ईमेल ढूंढना हुआ आसान
अब तक पुराने ईमेल ढूंढने के लिए यूजर्स को मैन्युअल सर्च करना पड़ता था, जिसमें काफी समय लगता था। नए AI ओवरव्यू फीचर के साथ यूजर सीधे इनबॉक्स में सवाल पूछ सकेंगे, जैसे- किसी पुराने मेल में क्या लिखा था या किसी खास व्यक्ति ने कब ईमेल भेजा था। AI कुछ ही सेकंड में उससे जुड़ी जरूरी जानकारी सामने रख देगा।

AI ओवरव्यू से क्या फायदा होगा
अगर किसी ईमेल थ्रेड में 40-50 रिप्लाई हैं, तो उन्हें पूरा पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। AI पूरे थ्रेड का सार बता देगा। इससे समय बचेगा और जरूरी बात तुरंत समझ में आ जाएगी। खासतौर पर ऑफिस और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए यह फीचर काफी काम का होगा।

क्या है ‘Help Me Write’ फीचर
Gmail का ‘Help Me Write’ फीचर एक AI टूल है, जो Gemini AI पर काम करता है। इसकी मदद से यूजर सिर्फ कुछ शब्द लिखकर पूरा ईमेल तैयार कर सकते हैं। यह फीचर Gmail के वेब, एंड्रॉयड और iOS वर्जन में उपलब्ध है।
नया ईमेल कैसे लिखें
नया ईमेल लिखने के लिए Gmail में Compose पर क्लिक करें। इसके बाद Help Me Write का ऑप्शन दिखेगा। यहां अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा सा निर्देश लिखें जैसे मीटिंग के लिए मेल या किसी ऑफिशियल जवाब का ड्राफ्ट। AI अपने आप पूरा ईमेल तैयार कर देगा, जिसे आप चाहें तो सीधे भेज सकते हैं या उसमें बदलाव कर सकते हैं।

पुराने ईमेल को कैसे बेहतर बनाएं
अगर ईमेल पहले से लिखा हुआ है, तब भी यह फीचर काम आता है। ड्राफ्ट तैयार होने के बाद Help Me Write पर क्लिक करें और Refine ऑप्शन चुनें। यहां मेल को छोटा करने, भाषा आसान बनाने या प्रोफेशनल टोन में बदलने जैसे विकल्प मिलते हैं।
कौन से फीचर फ्री और कौन से पेड
गूगल के अनुसार, ईमेल थ्रेड की समरी यानी AI ओवरव्यू सभी यूजर्स को मुफ्त मिलेगा। लेकिन इनबॉक्स से सवाल पूछने और पुराने ईमेल की डिटेल निकालने जैसे एडवांस फीचर Google AI Pro और Ultra सब्सक्रिप्शन में मिलेंगे। कुछ प्रीमियम फीचर फिलहाल पेड यूजर्स के लिए ही रखे गए हैं।

कौन सा मेल जरूरी, अब AI तय करेगा
जिन लोगों के इनबॉक्स में रोज सैकड़ों ईमेल आते हैं, उनके लिए यह फीचर बड़ी राहत लेकर आएगा। AI खुद तय करेगा कि कौन सा मेल जरूरी है और कौन सा कम अहम। जरूरी मेल ऊपर दिखेंगे, जिससे कोई जरूरी ईमेल मिस होने का खतरा कम हो जाएगा।
कब मिलेगा यह फीचर
यह AI इनबॉक्स फीचर फिलहाल चुनिंदा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। शुरुआत अमेरिका से हुई है और अभी यह अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। आने वाले समय में इसे दूसरे देशों और भाषाओं में भी लाया जाएगा। गूगल के इस नए अपडेट से साफ है कि अब Gmail सिर्फ एक ईमेल ऐप नहीं, बल्कि धीरे-धीरे एक स्मार्ट AI प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































