OpenAI ने अपने AI चैटबॉट ChatGPT में Health नाम का एक नया सेक्शन जोड़ा है। यह सेक्शन खास तौर पर मानसिक और शारीरिक सेहत से जुड़ी बातचीत के लिए बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि इससे हेल्थ से जुड़े सवालों पर फोकस बना रहेगा और ये बातचीत आपकी रोज की चैट से अलग रहेगी।
OpenAI के मुताबिक, ChatGPT पर सबसे ज्यादा सवाल सेहत और वेलनेस से जुड़े होते हैं। हर हफ्ते करीब 23 करोड़ लोग ChatGPT से किसी न किसी तरह की हेल्थ से जुड़ी जानकारी लेते हैं। अभी तक ये सारी बातें सामान्य चैट में ही होती थीं, लेकिन अब जैसे ही आप हेल्थ से जुड़ा सवाल पूछेंगे, ChatGPT आपको Health सेक्शन में जाने का सुझाव देगा।
Health सेक्शन में क्या-क्या कर पाएंगे
इस नए सेक्शन में यूजर अपनी लैब रिपोर्ट, मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन जैसी फाइलें अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा इसे Apple Health, MyFitnessPal जैसी दूसरी हेल्थ और फिटनेस ऐप्स से भी जोड़ा जा सकता है। इससे आपकी सेहत से जुड़ी जानकारी को समझना थोड़ा आसान हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: अब WhatsApp पर चलेगा ChatGPT, बस करना होगा ये नंबर डायल, जानें पूरा प्रोसेस?
हालांकि कंपनी ने साफ कहा है कि ChatGPT किसी बीमारी का पता नहीं लगा सकता और न ही इलाज बता सकता। इसका काम बस इतना है कि मुश्किल मेडिकल जानकारी को आसान भाषा में समझाने में मदद करना।

प्राइवेसी को लेकर दावा
OpenAI का कहना है कि Health सेक्शन में होने वाली बातचीत को AI को ट्रेन करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यानी आपकी सेहत से जुड़ी बातें अलग और सुरक्षित रहेंगी।
ध्यान रखने वाली जरूरी बात
OpenAI ने यूजर्स को यह भी बताया है कि यह फीचर डॉक्टर की जगह नहीं ले सकता। ChatGPT के जवाब मेडिकल जांच पर नहीं, बल्कि अंदाजे पर आधारित होते हैं। ऐसे में कभी-कभी जवाब सही लग सकता है, लेकिन वह पूरी तरह सही न भी हो।
इसलिए अगर कोई गंभीर बीमारी या परेशानी हो, तो ChatGPT पर भरोसा करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। ChatGPT का Health सेक्शन आपकी मदद के लिए है, इलाज के लिए नहीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































