भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को प्रस्तावित T20 वर्ल्ड कप मुकाबले (India Pakistan T20 worldcup) को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के सामने तीन अहम मांगें रखी हैं। PCB का कहना है कि अगर इन मांगों पर विचार किया जाता है, तभी वह अपनी सरकार से बातचीत कर भारत के खिलाफ मैच खेलने के फैसले पर पुनर्विचार करेगा।
रविवार को लाहौर में PCB के वरिष्ठ अधिकारियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रमुख अमीनुल इस्लाम बुलबुल की मौजूदगी में ICC प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अहम बैठक हुई। इस बैठक का मकसद किसी सहमति पर पहुंचना और यह सुनिश्चित करना था कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जा सके। बैठक में ICC के सीईओ संजोग गुप्ता वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए, जबकि PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी, ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल लाहौर में मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: PNB Recruitment 2026: पंजाब नेशनल बैंक में निकली 5138 पदों पर भर्ती, ऐसे करें आवेदन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तीन मांगें
क्रिकबज के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC के सामने तीन शर्तें रखी हैं। पहली मांग ICC के राजस्व में पाकिस्तान की हिस्सेदारी बढ़ाने की है। दूसरी मांग भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली को लेकर है। तीसरी और अंतिम मांग अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में ‘हैंडशेक प्रोटोकॉल’ को सख्ती से लागू करने से जुड़ी है।
यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ, जब पाकिस्तान सरकार ने सार्वजनिक रूप से यह ऐलान किया कि वह T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति नहीं देगी, जबकि यह मुकाबला तटस्थ स्थान पर आयोजित होना था। शहबाज़ शरीफ सरकार की ओर से इस फैसले के पीछे के कारणों को स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया।
क्रिकेट जगत में यह माना जा रहा है कि पाकिस्तान का यह रुख बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया कदम है। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए ICC से अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, जिसे ICC ने खारिज कर दिया था। इसके बाद BCB ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
ICC पर दबाव बनाने की कोशिश?
रिपोर्ट के मुताबिक, PCB इन मांगों के जरिए ICC पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान का मानना है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता, तो ICC को ब्रॉडकास्टिंग रेवेन्यू का बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी संभावित नुकसान को PCB अपनी सौदेबाजी की ताकत के तौर पर देख रहा है।
वर्तमान में पाकिस्तान ICC से मिलने वाले राजस्व में चौथे स्थान पर है। PCB को ICC की कुल आय का 5.75 प्रतिशत हिस्सा मिलता है। 2023 के आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान को ICC से सालाना करीब 34.51 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलते हैं, जो देश के क्रिकेट ढांचे को चलाने के लिए बेहद अहम माने जाते हैं। PCB से ज्यादा कमाई सिर्फ तीन बोर्ड करते हैं-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)।
फिलहाल ICC और PCB के बीच बातचीत जारी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई बीच का रास्ता निकलता है या फिर T20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मुकाबला एक बार फिर राजनीति और कूटनीति की भेंट चढ़ जाता है।
चैनल को सब्सक्राइब करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































