गांव-गांव गांधीवादी मूल्यों की अलख जगाएगा जनजागरण अभियान

63

– अहिंसा भवन में गांधी दर्शन समिति की जिला स्तरीय बैठक, सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
हनुमानगढ़। महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक सोच से जोड़ने के उद्देश्य से गांधी दर्शन समिति की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को अहिंसा भवन में आयोजित हुई। बैठक में जिले के गांव-गांव तक व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान गांधीवादी विचारधारा, संवैधानिक मूल्यों, आपसी भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांधी दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक श्याम सुंदर जोशी तथा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंदर दादरी थे।बैठक की अध्यक्षता गांधी दर्शन समिति के जिला संयोजक तरुण विजय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं उनके प्रिय भजनों के गायन के साथ हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक श्याम सुंदर जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक ऐसी विचारधारा हैं, जो आज भी समाज और देश को सही दिशा दिखाने में सक्षम है। गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर सामाजिक बदलाव का रास्ता दिखाया। वर्तमान समय में जब समाज में विभिन्न स्तरों पर तनाव और वैचारिक मतभेद देखने को मिलते हैं, ऐसे दौर में गांधीवादी विचारों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।