हनुमानगढ़ टाउन: सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा की दिशा में अग्रसर एपेक्स क्लब द्वारा स्थानीय व्यापार मंडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय की छात्राओं के स्वास्थ्य की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयां सुझाई गईं।
शिविर के दौरान विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें छात्राओं की आंखों, दांतों, हड्डियों और सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य की विस्तृत जांच फिजिशियन एवं संबंधित विशेषज्ञों द्वारा की गई। जांच दल में शामिल वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पारस जैन, डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़, डॉ. प्रदीप सहारण, डॉ. पवन जैन एवं डॉ. माकड़ ने आधुनिक उपकरणों से छात्राओं का परीक्षण किया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान बालिकाओं को मौसमी बीमारियों, कुपोषण से बचाव, दांतों व आंखों की दैनिक देखभाल तथा हड्डियों की मजबूती के लिए खान-पान में कैल्शियम व विटामिन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर एपेक्स क्लब के सचिव इंद्रमोहन पाहवा ने बताया एपेक्स क्लब सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। इसी निरंतरता में बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस निशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि समय रहते किसी भी शारीरिक समस्या की पहचान कर उसका समुचित उपचार किया जा सके। सचिव ने बताया स्कूल में टोटल 2500 विद्यार्थी है आज 201 विद्यार्थियों की जांच की गई है और सभी विद्यार्थियों की जांच की जाएगी चाहे जितनी बार शिविर लगाना पड़े ।शिविर के सफल आयोजन में क्लब एवं विद्यालय प्रबंधन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में एपेक्स क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सहारण, प्रोजेक्ट चेयरमैन अजय सुखीजा, नेशनल वाइस प्रेसिडेंट राजेंद्र बैद, वाइस प्रेसिडेंट बालकिशन गोल्याण, गौरी शंकर शर्मा, गुरदीप सिंह, हरदीप सिंह मरवाह और बिंदर सिंह उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की ओर से व्यापार मंडल शिक्षण समिति के अध्यक्ष बालकिशन गोल्याण, सचिव हरिकिशन खदरिया, प्रिंसिपल डॉ. नीलम गौड़, प्रधानाचार्य श्रीमती संजू गाड़िया सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति इस सार्थक पहल के लिए एपेक्स क्लब का आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































