हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत आज एनपीएस स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे का सेवन नहीं करने, नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता संदेश भी दिया गया।
राष्ट्रीय युवक परिषद के सदस्य रामलाल कावलिया ने विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































