31 लाख की लागत से वार्ड 59 में होंगे विकास कार्य, इंटरलॉकिंग निर्माण का शुभारम्भ

56

-विधायक गणेशराज बंसल ने कहा-शहर के विकास को लगातार दी जा रही गति
हनुमानगढ़। वार्ड नम्बर 59 में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का शुभारम्भ विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां, पार्षद रेखा निरंजन नायक एवं पूर्व पार्षद निरंजन नायक ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए वार्ड में विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। निर्माण कार्य पर करीब 31 लाख रुपये की लागत आएगी।
पूर्व पार्षद निरंजन नायक ने बताया कि वार्ड में लंबे समय से आवश्यक विकास कार्यों की मांग की जा रही थी। अब 31 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा गलियों की स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
नायक ने कहा कि नगर परिषद में भले ही वर्तमान में प्रशासक व्यवस्था लागू हो, लेकिन विधायक गणेशराज बंसल एवं पूर्व सभापति सुमित रणवां के नेतृत्व में शहर में विकास कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा वार्डों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी नगर परिषद चुनाव में विधायक गणेशराज बंसल के नेतृत्व में पुनः बोर्ड का गठन होगा और शहर के विकास को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक गणेशराज बंसल ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।