श्री पीर मंदिर में बाबा लखदाता पीर की भव्य मूर्ति स्थापना

38
श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ हुआ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए ज्योत के दर्शन
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की साई कॉलोनी स्थित श्री पीरखाना मंदिर में श्री बाबा लखदाता पीर जी की भव्य मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा लखदाता पीर जी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना के साथ मन्नतें मांगी। मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान निगाहे दरबार के गद्दीनशीन बाबा दीपक सोनी (जीटर बाबा) के सानिध्य में संपन्न हुआ। बाबा दीपक सोनी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बाबा लखदाता पीर जी की मूर्ति की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा करवाई। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए बाबा लखदाता पीर जी के प्रति श्रद्धा और आस्था बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा की ज्योत के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मन्नतें मांगी। अनेक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में चादर भी चढ़ाई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मूर्ति स्थापना के धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में बाबा सुरेश गोयल, गद्दीदार श्री पीरखाना मंदिर साई कॉलोनी, बाबा साहब राम मसानी, बाबा सतपाल, कालूराम जैन, सुशील गोयल, संदीप बराड़ एवं पारस गर्ग सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक लंगर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार बाबा लखदाता पीर जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह था। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।