हनुमानगढ़। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अल्फ्रेड नोबेल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने टाउन पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ भाईचारे, सम्मान और विश्वास का अनूठा पर्व मनाया। विद्यालय की छात्राओं ने थाना प्रभारी (एसएचओ) लखवीर सिंह सहित थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की। बच्चों की इस आत्मीय पहल से थाना परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय और भावुक हो उठा। रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन का उद्देश्य समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानते हुए राखी बांधी और उनके सुरक्षित एवं सफल जीवन की प्रार्थना की। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी स्नेहपूर्वक बच्चों का आशीर्वाद लिया और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। थानाधिकारी लखवीर सिंह ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को उपहार भी भेंट किए और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































