राजीव गांधी स्टेडियम में गूंजा महिला शक्ति का जोश, 250 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने दिखाया वुशू का दम

24

-अस्मिता खेलो इंडिया वुशू महिला लीग में बालिकाओं ने किया शानदार प्रदर्शन, विभिन्न विद्यालयों ने हासिल किए स्थान
हनुमानगढ़, 29 अगस्त। भारत सरकार एवं भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से खेलों में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें नियमित रूप से प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया वुशू महिला लीग का आयोजन राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ में किया गया। हनुमानगढ़ जिला वुशू संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग की 250 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने वुशू की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपने हुनर, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. एमपी शर्मा ने कहा कि महिला खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने तथा उन्हें लगातार प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर उपलब्ध करवाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिला खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि वुशू जैसे खेलों के प्रति महिलाओं और बालिकाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर यूरोलॉजिस्ट डॉ. जितेंद्र अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हनुमानगढ़ जिला वुशू संघ के कोषाध्यक्ष हेमंत गोयल ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम स्थान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवां, हनुमानगढ़ जंक्शन ने हासिल किया। द्वितीय स्थान श्री गुरु हरिकृष्णा सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, हनुमानगढ़ तथा तृतीय स्थान राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, सेक्टर नंबर 6, हनुमानगढ़ जंक्शन ने प्राप्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।