झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन (Ramdas Soren) की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार वे शनिवार सुबह अपने जमशेदपुर स्थित आवास में बाथरूम में गिर गए, जिसके चलते उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी है। इस हादसे में उन्हें ब्रेन इंजरी और ब्लड क्लॉट की समस्या हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया।
अब उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज करेगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर यह जानकारी साझा करते हुए चिंता जाहिर की।

उन्होंने लिखा: “झारखंड के शिक्षा मंत्री, हमारे बड़े भाई श्री रामदास सोरेन जी के अस्वस्थ होने की खबर अत्यंत चिंताजनक है। बाथरूम में गिरने के कारण उन्हें ब्रेन इंजरी और खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन गया है। उन्हें मेदांता अस्पताल, दिल्ली एयरलिफ्ट किया जा रहा है। मैं लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हूं। आप सभी से प्रार्थना की अपील करता हूं।”
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

अस्पताल सूत्रों की जानकारी
टाटा मोटर्स अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मंत्री को सिर पर गहरी चोट लगी है। प्रारंभिक जांच में इंट्राक्रैनियल ब्लीडिंग (खोपड़ी के भीतर खून बहना) की पुष्टि हुई, जो मस्तिष्क के लिए अत्यंत खतरनाक हो सकता है। हालत की गंभीरता को देखते हुए न्यूरोलॉजिस्ट्स ने दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर करने की सिफारिश की।
बता दें, मंत्री रामदास सोरेन के अचानक बीमार पड़ने की खबर से झारखंड की राजनीति में हलचल मच गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कई वरिष्ठ नेता लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। कई नेताओं ने ट्विटर और फेसबुक पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































