औरेया सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत, बोरियों के नीचे दबी लाशें, राहत कार्य जारी

0
693

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार तड़के 3:30 बजे हाईवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इसमें 24 मजदूरों की मौत हो गई। कानपुर रेंज के आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया है कि 35 लोग जख्मी हुए हैं। इनमें से 20 को जिला अस्पताल, जबकि गंभीर रूप से जख्मी 15 लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है।

वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को फौरन उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कानपुर के कमिश्नर और आईजी को निर्देश दिया के वे घटनास्थल का दौरा करें और जल्द से जल्द घटना के कारणों की रिपोर्ट दें। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिवार को धनराशि की सहायता देने की बात भी कही है।

कब हुआ हादसा-
हादसा औरैया के पास चिरूहली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों ट्रक में मजदूर सवार थे। दिल्ली से आया ट्रक ढाबे के पास रुका था। कुछ लोग चाय पी रहे थे। तभी राजस्थान से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें चूना भरा हुआ था और 30 मजदूर सवार थे। जो लोग चाय पीने ट्रक से उतरे थे उनकी जान बच गई। चश्मदीदों ने बताया कि हादसा राजस्थान से आ रहे ट्रक ड्राइवर की झपकी लगने से हुआ। टक्कर के बाद दोनों ट्रक पलट गए। चूने की बोरियों में मजदूर दब गए।

मृतकों की पहचान में परेशानी-
अब तक 15 मृतकों की पहचान हो पाई है। इनमें सबसे ज्यादा झारखंड से हैं। इनकी संख्या सात है। वहीं, पश्चिम बंगाल के रहने वाले 4 लोग हैं। इसके अलावा, बिहार और उत्तर प्रदेश से दो-दो मृतक हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं।

लॉकडाउन के दौरान बढ़े हादसे-
हाल के दिनों में पैदल घर के लिए निकले मजदूरों के साथ कई घटनाएं हुई हैं। औरेया के बाद मध्यप्रदेश के सागर से भी ऐसी घटना सामने आयी। वहीं दो दिन पहले यूपी के मुजफ्फरनगर और मध्य प्रदेश के गुना में ऐसी ही घटनाएं हुईं जिसमें कई मजदूर मौत के शिकार हुए और कई घायल हुए। शुक्रवार को एक घटना महोबा में सामने आई। महोबा जिले के झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर शुक्रवार को गुजरात से झारखंड जा रहा मजदूरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक पर सवार झारखंड के सभी 67 मजदूर बाल-बाल बच गए। तीन मजदूरों को मामूली चोटें आईं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इससे पहले मुजफ्फरनगर में बुधवार देर रात 6 मजदूरों की मौत हो गई थी। आंध्र प्रदेश से भी ऐसी घटनाओं की खबरें आयी थी।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें  फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now