एफसीआई लेबर एंड पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) शाखा टाउन का 19वां सम्मेलन सम्पन्न

159

– स्मार्ट मीटर और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ लामबंदी का आह्वान, नई कार्यकारिणी गठित
हनुमानगढ़।
 एफसीआई लेबर एंड पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) शाखा टाउन का 19वां वार्षिक सम्मेलन आज उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता तीन सदस्यीय पैनल कॉमरेड आत्मा सिंह, कॉमरेड मलकीत सिंह और कॉमरेड विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से की। शुरुआत में सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता के लोकप्रिय नेता कॉमरेड वी.एस. अच्युतानंदन सहित विभिन्न जनवादी आंदोलनों में शहादत देने वाले साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्मेलन का संचालन कॉमरेड बहादुर सिंह चौहान ने किया। उद्घाटन संबोधन में सीटू जिला सचिव कॉमरेड शेर सिंह शाक्य ने कहा कि मोदी सरकार मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए चार नए लेबर कोड लागू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इन कोडों के लागू होने से मजदूरों का शोषण और तेज़ होगा। शाक्य ने बिजली विभाग के निजीकरण और स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को भी जनता के खिलाफ षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गोवा की ब्लैकलिस्टेड जीनिस कंपनी को भाजपा सरकार ने स्मार्ट मीटर का ठेका दिया है, जिसने सरकार को मोटा चंदा दिया है। शाक्य ने यह भी कहा कि एफसीआई को धीरे-धीरे निजी कंपनियों के हवाले करने की कोशिश की जा रही है और पब्लिक सेक्टर को उद्योगपतियों के हाथों सौंपा जा रहा है।
सम्मेलन में अन्य संगठनों की ओर से भी शुभकामना संदेश आए। राज सीड्स यूनियन से कॉमरेड बसंत सिंह, अनाज मंडी जंक्शन से कॉमरेड सुल्तान खान, लोड एंड अनलोड यूनियन से रिशपाल, जगदंबा यूनियन से विनय कुमार और अनाज मंडी टाउन से संदीप बसोड़ ने मजदूर एकता की महत्ता को रेखांकित करते हुए यूनियन को बधाई दी।
इसके बाद यूनियन सचिव ने पूरे वर्ष की गतिविधियों और आर्थिक स्थिति का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए 12 साथियों ने विचार रखे और कई महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए। इन सवालों का जवाब निर्वतमान कमेटी ने विस्तार से दिया। चर्चा के उपरांत सात सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कॉमरेड आत्मा सिंह को अध्यक्ष, हरजी वर्मा को सचिव, श्रीचंद को कोषाध्यक्ष तथा रामबाबू, शविन्द्र, सोनू और विनीत कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
एफसीआई जिला सचिव कॉमरेड गुरप्रेम सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर विरोधी और जनविरोधी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मजदूर वर्ग को सरकार की लूट और निजीकरण की नीतियों के खिलाफ संगठित संघर्ष करना होगा। स्मार्ट मीटर योजना को उन्होंने जनता को आर्थिक रूप से कमजोर करने और कंपनियों को फायदा पहुंचाने की साजिश बताया। सम्मेलन के समापन पर मजदूर एकता और संघर्ष के नारे गूंजे। “स्मार्ट मीटर नहीं चलेगा”, “मोदी की लूट नहीं चलेगी” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। सम्मेलन ने आह्वान किया कि आने वाले समय में मजदूर और मेहनतकश जनता एकजुट होकर कॉर्पोरेटपरस्त नीतियों का मुकाबला करेंगे और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।