किशनपुरा दिखनादा में मनरेगा संग्राम के तहत विशाल जनसभा आयोजित

85

– नरेगा को बचाना मजदूर की आवाज बचाना, योजना कमजोर करने की कोशिशें चिंताजनक : मनीष मक्कासर
हनुमानगढ़। जिले के निकटवर्ती गांव किशनपुरा दिखनादा में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मनरेगा संग्राम अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया और मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने का आरोप लगाया।
मनीष मक्कासर ने कहा कि नरेगा को बचाना मतलब मजदूर की आवाज को बचाना है। उन्होंने कहा कि इस देश के इतिहास में जिस भी सरकार ने मजदूर का नुकसान किया या उसका अपमान किया है, वह सरकार ज्यादा दिन सत्ता में नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से केंद्र सरकार मजदूरों और गरीबों के साथ व्यवहार कर रही है, वह अत्यंत चिंताजनक है और इससे सामाजिक असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) एक ऐसा महत्वपूर्ण कानून था, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब और मजदूर वर्ग को काम का अधिकार दिया। इस योजना के तहत लाखों परिवारों को रोजगार, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा मिली। लेकिन वर्तमान सरकार ने इस कानून को कमजोर कर दिया है। बजट में कटौती, नियमों में बदलाव और नाम बदलने जैसे कदमों से योजना की मूल भावना पर प्रहार किया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को समाप्त करने की मंशा से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों से उनके अधिकार छीने जा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की प्रक्रिया बाधित हो रही है। पंचायतों की भूमिका सीमित होने से न केवल मजदूर प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि गांवों के समग्र विकास पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर वीबी जी राम जी (VB G RAM G) किया जाना केवल दिखावा है। नाम बदलने से मजदूरों की समस्याएं हल नहीं होतीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य मुद्दा यही है कि मनरेगा योजना को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए और वीबी जी राम जी जैसी व्यवस्था को खत्म किया जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।