अदालती आदेशों की अवहेलना का आरोप, किसान को नहीं मिला न्याय

71

भाजपा नेताओं के दबाव में प्रशासन कर रहा है काम – रघुवीर वर्मा
– अखिल भारतीय किसान सभा का ऐलान, सोमवार से कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना
हनुमानगढ़। सहजीपुरा करनीसर क्षेत्र में खेत की सिंचाई के लिए तोड़ी गई पाइपलाइन जुड़वाने को लेकर किसान मलकीत सिंह पिछले आठ महीनों से प्रशासन के चक्कर काटने को मजबूर है। किसान सभा ने आरोप लगाया कि स्पष्ट अदालती आदेशों के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे किसान की लगातार फसलें बर्बाद हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ ने 26 सितंबर 2025 को पाइपलाइन जोड़ने के आदेश जारी किए थे। इसके खिलाफ अप्रार्थीगणों द्वारा जिला सत्र एवं जिला न्यायाधीश हनुमानगढ़ में दायर अपील को भी अपर जिला न्यायाधीश ने 8 दिसंबर 2025 को खारिज करते हुए किसान मलकीत सिंह के पक्ष में निर्णय दिया। इसके बाद जोधपुर उच्च न्यायालय ने भी मलकीत सिंह, बलविंद्र सिंह व मनप्रीत सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बावजूद आज तक पाइपलाइन नहीं जोड़ी गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के नेता रघुवीर वर्मा ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दो बार पुलिस जाब्ता मांगे जाने और तैयार होने के बाद भी जिला प्रशासन बहाने बनाकर टालमटोल कर रहा है। किसान नेताओं का आरोप है कि प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहा है और जानबूझकर अदालती आदेशों की पालना नहीं की जा रही, ताकि मामला विवादित बनाकर ठंडे बस्ते में डाला जा सके।
किसान सभा के तहसील महासचिव मोहन लोहरा ने कहा कि प्रशासन की इस कथित हठधर्मिता के कारण किसान की अब तक तीन फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और चौथी फसल भी नष्ट होने की कगार पर है। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब एक निजी औद्योगिक इकाई के पक्ष में 2700 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जा सकते हैं, तो एक गरीब किसान को उसके कानूनी अधिकार दिलाने के लिए समय और संसाधन क्यों नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।