Spicejet कर्मियों पर सेना अफसर का हमला, एक की रीढ़ की हड्डी तोड़ी, दूसरे का जबड़ा, VIDEO

446

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक्स्ट्रा लगेज को लेकर सेना के एक अधिकारी ने स्पाइसजेट (spicejet staff) के चार कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी टूट गई। दूसरे का जबड़ा टूट गया। तीसरे की नाक से खून निकलने लगा। वहीं चौथा कर्मचारी बेहोश हो गया।

आरोपी अफसर की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल (HAWS) में तैनात है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना 26 जुलाई की है। मामला अब सामने आया है।

एयरलाइन ने बयान जारी करते हुए कहा कि आरोपी सैन्य अधिकारी को नो फ्लाइंग लिस्ट में डाल दिया है। वहीं सेना ने बयान जारी करते हुए कहा कि भारतीय सेना अनुशासन और आचरण के मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

क्या है मामला?
26 जुलाई को स्पाइसजेट फ्लाइट SG-386 श्रीनगर से दिल्ली जा रही थी। बोर्डिंग गेट पर एक पैसेंजर, जो सेना का अधिकारी बताया जा रहा है, उसने चार स्टॉफ पर जानलेवा हमला कर दिया। एयरलाइन के मुताबिक, आरोपी अधिकारी दो केबिन बैगेज ले जा रहा था, जिनका कुल वजन 16 किलो था। यह 7 किलो की सीमा से दोगुना था। स्पाइसजेट के स्टॉफ ने पैसेंजर को बताया कि आपका लगेज तय मानकों से ज्यादा है। इसलिए आपको अतिरिक्त पेमेंट करना होगा।

आरोपी अधिकारी ने एक्स्ट्रा पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद वह बोर्डिंग प्रोसेस पूरी किए बिना ही जबर्दस्ती एयरोब्रिज में घुस गया। यह सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का उल्लंघन था। जब स्टॉफ ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने पीटना शुरू कर दिया। बगल में रखे एक स्टैंड से कर्मचारी पर हमला कर दिया। उन्हें लात-घूंसे भी मारे। कुछ के जबड़े में भी चोट आई।

व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

स्पाइसजेट का एक कर्मचारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन यात्री बेहोश कर्मचारी को लात मारता रहा। बेहोश हुए कर्मचारी की मदद के लिए नीचे झुकते समय एक अन्य कर्मचारी के जबड़े पर जोरदार लात लगने से उसकी नाक और मुंह से खून बहने लगा। घायल कर्मचारियों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।