साइबर अपराधों से बचाव हेतु अमृत मॉडल स्कूल में जागरूकता कार्यशाला

195

– गेम स्कैम, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी पर बच्चों को दिए उपयोगी सुझाव
हनुमानगढ़।
 बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर थाना हनुमानगढ़ द्वारा बुधवार को अमृत मॉडल स्कूल, जंक्शन में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी देना था।
कार्यशाला में साइबर थाना से सब-इंस्पेक्टर संजू और प्रोग्रामर रिंकल गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे आज के समय में ऑनलाइन गेम्स के माध्यम से स्कैमर्स बच्चों को निशाना बना रहे हैं, और कैसे ‘गेम स्कैम’ के जरिए उन्हें मानसिक, भावनात्मक और आर्थिक नुकसान हो सकता है।
सब-इंस्पेक्टर संजू ने बच्चों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी नई साइबर ठगी की तकनीकों से अवगत कराया, जिसमें ठग खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पीड़ित को डराते हैं और धन की मांग करते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी कॉल या मैसेज का जवाब न दें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में शिकायत करें।
प्रोग्रामर रिंकल गर्ग ने इंटरनेट उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया, ईमेल, पासवर्ड सुरक्षा, ओटीपी साझा न करने जैसे विषयों पर बच्चों को जागरूक किया। बच्चों को साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की रिपोर्ट करने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय व्यवस्थापक सुरेंद्र नागपाल ने साइबर थाना टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं छात्रों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे वे डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सकें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न हों।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।