भारत विकास परिषद शाखा हनुमानगढ़ करेगी 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह

205

– गणेश पूजन के साथ पोस्टर विमोचन कर आयोजन का हुआ शुभारंभ
हनुमानगढ़। 
भारत विकास परिषद शाखा हनुमानगढ़ द्वारा सेवा एवं संस्कार के पथ पर अग्रसर रहते हुए 21 कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन करने की घोषणा की गई है। इस पुण्य कार्य की विधिवत शुरुआत रविवार को भगवान श्री गणेश को प्रसाद अर्पित कर तथा सामूहिक विवाह कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन के साथ की गई।
कार्यक्रम के दौरान परिषद अध्यक्ष महेश जसूजा, कोषाध्यक्ष प्रदीप मित्तल, प्रांतीय प्रभारी अरुण अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य कालूराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। भगवान गणेश के पूजन के साथ सभी ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
अध्यक्ष महेश जसूजा ने बताया कि भारत विकास परिषद सदैव समाज सेवा, शिक्षा और संस्कार से जुड़े कार्यों में अग्रणी रही है और यह सामूहिक विवाह भी उसी उद्देश्य को लेकर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल कन्यादान के महत्त्व को दर्शाता है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा देने वाला प्रयास भी है।
कोषाध्यक्ष प्रदीप मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि सामूहिक विवाह हेतु आवेदन व रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। जो परिवार अपनी बेटियों का विवाह इस कार्यक्रम के माध्यम से करवाना चाहते हैं, वे परिषद से संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं।
परिषद के प्रांत प्रकल्प प्रभारी अरूण अग्रवाल ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे इस पुण्य कार्य में “तन, मन और धन” से सहभागिता करें। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी भागीदारी भी इस महान सेवा कार्य को और अधिक प्रभावी बना सकती है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।