जान जोखिम में डालकर बड़ी दुर्घटनाओं से हनुमानगढ़ को बचाने वाले कर्मठ पुलिसकर्मी और कर्मचारी बने प्रेरणा स्रोत
हनुमानगढ़। समाज में बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले उन योद्धाओं को भटनेर किंग्स क्लब ने गुरुवार को जंक्शन के बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के प्रांगण में सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए हनुमानगढ़ को बड़ी दुर्घटनाओं से बचाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने की। उक्त आयोजन मक्कासर क्षेत्र की हालिया घटना और सीवरेज हादसे में दिखाई गई वीरता की याद में आयोजित किया गया।
कुछ दिन पहले मक्कासर में एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक लिकेज हो गया था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि आसपास का पूरा क्षेत्र खतरे में आ गया। इसी दौरान पुलिस कर्मी पप्पूराम मीणा ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर टैंकर को आबादी क्षेत्र से बाहर ले जाकर खड़ा किया। उनकी इस फुर्ती और हिम्मत के कारण हनुमानगढ़ एक बड़े हादसे से बच गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि उस समय पप्पूराम मीणा ने साहसिक कदम नहीं उठाया होता तो जयपुर जैसी भयावह घटना हनुमानगढ़ में घट सकती थी।
इसी तरह एक अन्य घटना में सीवरेज टंकी में गिर गए दो मजदूरों को बचाने के लिए पुलिस कर्मी सुभाष मांझू और नगर परिषद के कर्मचारी मलकीत सिंह ने बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए टंकी में उतरकर मजदूरों की जान बचाई। उनकी इस बहादुरी ने न केवल दो परिवारों को उजड़ने से बचाया बल्कि पूरे शहर को एक नई प्रेरणा भी दी।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































