Petrol Price Hike: भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, जानिए प्रति लीटर कितना महंगा हुआ?

113

अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के कारण भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी (petrol diesel price) शुरू हो गई है। सरकारी तेल कंपनियों (OMCs) ने स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें शुक्रवार को ₹2.09-₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ा दी हैं। यह बढ़ोतरी अलग-अलग राज्यों और शहरों के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं। प्रीमियम पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू मानी जा रही हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद नई दिल्‍ली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 107 से लेकर 112.30 रुपए प्रति लीटर तक हो गई है। वहीं मुंबई में प्रीमियम पेट्रोल 115-120.30 रुपए प्रति लीटर और चेन्‍नई में 112-117.30 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

प्रीमियम पेट्रोल BPCL का स्पीड, HPCL का पावर और IOCL का XP95 के नाम से बिकता है। वहीं सामान्य पेट्रोल पुराने दाम पर ही मिलता रहेगा। फिलहाल इनके दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

क्या होता है प्रीमियम पेट्रोल
अगर आप अपनी कार या बाइक की परफॉर्मेंस और इंजन की लंबी उम्र को लेकर फिक्रमंद हैं, तो ‘प्रीमियम पेट्रोल’ आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है। साधारण पेट्रोल के मुकाबले इसमें ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है, जो इंजन के अंदर फ्यूल को समय से पहले जलने (नॉकिंग) से रोकता है और गाड़ी को स्मूथ ड्राइविंग एक्सपीरियंस देता है।

प्रीमियम पेट्रोल में खास तरह के क्लीनिंग एडिटिव्स मिलाए जाते हैं, जो इंजन के इंटरनल पार्ट्स और फ्यूल इंजेक्टर्स पर जमी कार्बन की परत को साफ करते हैं, जिससे न केवल माइलेज में सुधार होता है बल्कि इंजन की ताकत भी बढ़ती है। हालांकि यह साधारण पेट्रोल से थोड़ा महंगा जरूर है, लेकिन हाई-एंड परफॉर्मेंस कारों और मॉडर्न इंजनों के लिए इसे हेल्थ ड्रिंक माना जाता है।

प्रीमियम पेट्रोल किन गाड़ियों में काम आता है?
लग्जरी/स्पोर्ट्स कार:
अगर गाड़ी के मैनुअल में 95 ऑक्टेन फ्यूल लिखा है, तो प्रीमियम ही डालें वरना इंजन में ‘नॉकिंग’ की समस्या हो सकती है। अगर आपकी गाड़ी 100cc से 1500cc के बीच है और नॉर्मल इंजन वाली है, तो प्रीमियम पेट्रोल की जरूरत नहीं है।

क्या होता है ऑक्टेन नंबर?
पेट्रोल की गुणवत्ता ‘ऑक्टेन’ से मापी जाती है। सामान्य पेट्रोल 91 ऑक्टेन का होता है। प्रीमियम पेट्रोल 95 या 97 ऑक्टेन का होता है। हाई ऑक्टेन फ्यूल इंजन के अंदर नॉकिंग को रोकता है, जिससे इंजन स्मूथ चलता है।

जंग ने बढ़ाए कच्चे तेल के दाम
जंग के चलते ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने की वजह से कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं। ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम आज 109.54 डॉलर प्रति बैरल पर हैं। एक दिन पहले कच्चे तेल का दाम 117.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

वहीं भारत में क्रूड की कीमतें लगभग दोगुनी होकर 146 डॉलर पर पहुंच गई हैं। भारत इराक, सऊदी अरब, रूस, UAE से तेल खरीदता हैं। इन सभी अलग-अलग तरह के तेलों की कीमतों का जो औसत निकाला जाता है, उसे ही ‘इंडियन बास्केट’ कहते हैं।