‘दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए’ अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, जानिए अब क्या होंगे फायदे?

174

भारत और अमेरिका (India US Tariff ) के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता आखिरकार नतीजे पर पहुंच गई है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का ऐलान करते हुए भारत पर लगाए गए टैरिफ में बड़ी राहत दी। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

इससे पहले अप्रैल में अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। इसके बाद रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर अगस्त में 25 प्रतिशत अतिरिक्त पेनल्टी टैरिफ लगाया गया, जिससे कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था। अब व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि रूस से तेल खरीद को लेकर लगाया गया 25 प्रतिशत पेनल्टी टैरिफ हटाया जा रहा है और भारत पर अब केवल 18 प्रतिशत टैरिफ ही लागू रहेगा।

ट्रेड डील की घोषणा से पहले राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की थी। इसके कुछ घंटों बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस समझौते की जानकारी साझा की।

ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल आयात कम करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला जैसे अन्य देशों से भी तेल खरीद सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से करीब 46 लाख करोड़ रुपये यानी लगभग 500 अरब डॉलर के सामान की खरीद करेगा।

ट्रेड डील की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का धन्यवाद करते हैं।

  • टैरिफ घटने के बाद किन सेक्टर्स को होगा फायदा
    जेम्स और ज्वेलरी के निर्यातकों को भी इस डील से फायदा होगा। अमेरिकी बाजार में चीन के प्रोडक्ट्स पर 34% टैरिफ लगने के मुकाबले भारत पर 18% टैरिफ इंडियन प्रोडक्ट्स की मांग में और बढ़ोतरी करेगा। हालांकि सब कुछ ही अच्छा हो, ऐसा भी नहीं है। अभी ऑटो पार्ट्स और मेटल जैसे कुछ सेक्टोरल टैरिफ बने रहेंगे।
  • भारत के कपड़ों पर लगने वाला टैक्स बांग्लादेश या श्रीलंका के मुकाबले कम है। बांग्लादेश या श्रीलंका में बने कपड़ों पर अभी 20% टैक्स लग रहा है। वहीं कालीन में भारत का मुकाबला तुर्किए से है। इसी तरह अमेरिकी बाजारों में बिकने वाला भारतीय झींगा भी अब ज्यादा किफायती होगा।
  • टैरिफ राहत से केमिकल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की उन कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है जिनकी अमेरिकी बाजार में मजबूत हिस्सेदारी है। एक्सपोर्ट लागत घटने से ऑर्डर फ्लो और मार्जिन दोनों में सुधार संभव है।

अब भारत उन देशों में शामिल, जिन पर सबसे कम टैरिफ
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NDTV से बातचीत में भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा- कुछ तकनीकी कागजों पर अगले कुछ दिनों में दस्तखत होंगे, लेकिन डील लगभग तय है। गोर ने कहा- यह टैरिफ समझौता प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच कई सालों से चली आ रही मजबूत दोस्ती का नतीजा है। यह टैरिफ दूसरे देशों की तुलना में बहुत कम है। पहले भारत पर काफी ज्यादा टैरिफ लगता था, लेकिन अब भारत उन देशों में आ गया है जिन पर कम टैरिफ है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

राजदूत गोर के मुताबिक, ट्रम्प और मोदी की दोस्ती इस डील को पूरा करने में सबसे बड़ी वजह बनी। गोर ने कहा कि अमेरिका और भारत के रिश्तों में बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। इस व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के रिश्तों का अगला दौर शुरू होगा। इस बीच व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने भी न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया है कि अमेरिका, भारत से आने वाले सामान पर लगाया गया वह एक्स्ट्रा टैरिफ हटा देगा, जो रूस से तेल खरीदने के बदले सजा के तौर पर लगाया गया था।

दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने सोमवार को X पर एक पोस्ट में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा के बाद कहा, “दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए।” इस समझौते के तहत वाशिंगटन ने भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

सान्याल की यह टिप्पणी, जिसका अर्थ है “दुनिया झुकती है, बस झुकाने वाला चाहिए।” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ ही समय बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और भारत एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान दिखाते हुए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।