– अनिश्चितकालीन धरना हुआ शुरू, ठप हुए बैंकिंग कार्य
हनुमानगढ़। राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, जयपुर के आह्वान पर पूरे प्रदेश की तरह हनुमानगढ़ जिला इकाई ने भी कार्य बहिष्कार आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। सहकारी समिति कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निस्तारण के लिए 29 सितंबर 2025 से जिले की सभी समितियों और बैंकों में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। जंक्शन बस स्टेण्ड के पास हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैक के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना लगाकर विरोध दर्ज करवाया। धरने पर सरकार व प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी कर रोष प्रकट किया।
कर्मचारियों ने बताया कि समिति ने पहले ही चरणबद्ध तरीके से विरोध जताया है। 23 सितंबर को कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करवाया था। इसके बाद 26 सितंबर को जिला स्तर पर उप रजिस्ट्रार महोदय के माध्यम से ज्ञापन मुख्य सचिव राजस्थान सरकार, सहकारिता मंत्री, सहकारिता सचिव, रजिस्ट्रार सहकारिता, प्रबंध निदेशक अपेक्स बैंक, जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ और केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक को भेजा गया था।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार लगातार उनकी जायज मांगों को नज़रअंदाज कर रही है। कई वर्षों से लंबित वेतन विसंगति, पदोन्नति, सेवा नियमों में सुधार और अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार ठोस कदम नहीं उठा रही। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है और सहकारी संस्थाओं के कामकाज पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।
संयुक्त संघर्ष समिति की जिला इकाई ने साफ किया कि सभी समितियों और हनुमानगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखाओं के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है, इसके दौरान बैकिंग सेवाएं प्रभावित हुई है और अगर अब भी सरकार व प्रशासन कर्मचारियों की मांगों को नंजरअंदाज करती है तो आन्दोलन उग्र किया जायेगा।
जिला संयोजक देवीसिंह ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनमें कार्यरत कार्मिक किसानों और आमजन से सीधे जुड़े रहते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना सही नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों की नाराजगी दूर करेगी। इस मौके पर राजेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश तारड़, गुरमीत सिंह, दीप सिंह, प्रिंस कुमार, भूपेन्द्र सिंह, राधेश्याम, मनीष बलीहारा, रमणदीप सिंह, मनोज शर्मा, श्यामसुन्दर, चन्द्र प्रकाश सहित अन्य कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज करवाया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































