बेटे ने पिता को काटकर नीले ड्रम में भरा, सिर गायब, लखनऊ में हुई दिल दहला देने वाली घटना

110

लखनऊ (Lucknow blue drum News) के आशियाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वर्धमान पैथोलॉजी लैब के मालिक मानवेंद्र सिंह की उनके ही 21 वर्षीय बेटे अक्षत ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे आरी से काटकर टुकड़ों में बांट दिया और नीले रंग के ड्रम में भर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अक्षत ने पिता का सिर अलग कर कार में रखा और घर से करीब 21 किलोमीटर दूर काकोरी क्षेत्र के सदरौना गांव में फेंक आया। वारदात के समय उसकी बहन भी घर में मौजूद थी। आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे भी जान से मार देगा। इसके बाद बहन को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

बेटे पर था डॉक्टर बनने का दबाव
बताया जा रहा है कि पिता चाहते थे कि अक्षत नीट परीक्षा पास कर एमबीबीएस करे, लेकिन बेटा इस दबाव के खिलाफ था। वह मेडिकल की पढ़ाई नहीं करना चाहता था और पैथोलॉजी लैब के बजाय कोई दूसरा कारोबार, जैसे लॉन या रेस्टोरेंट खोलने की बात करता था। इसी मुद्दे पर 20 फरवरी की सुबह करीब साढ़े चार बजे दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर अक्षत ने पिता की लाइसेंसी राइफल से उन्हें गोली मार दी।

हत्या के बाद उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर एक खाली कमरे में रखा। फिर बाजार से आरी खरीदकर लाया और शव के कई हिस्से किए। कुछ टुकड़े और सिर कार में डालकर दूर फेंक आया, जबकि बाकी हिस्सों को पॉलिथीन में पैक कर ड्रम में छिपा दिया।

घटना के तीन दिन बाद, सोमवार को आरोपी खुद आशियाना थाने पहुंचा और पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले थे और लौटकर नहीं आए। उसने यह भी कहा कि उनके मोबाइल फोन बंद हैं।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

पुलिस को बेटे के बयान और हावभाव पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर पहले उसने आत्महत्या की कहानी बताई, लेकिन दबाव बढ़ने पर हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस उसे घर लेकर पहुंची, जहां आधा शव बरामद हुआ। बाकी अंगों के बारे में पूछने पर उसने बताया कि उन्हें सदरौना इलाके में फेंक दिया है।

करीब आठ घंटे तक पुलिस टीम मौके पर जांच करती रही। लाइसेंसी राइफल गद्दे के नीचे से बरामद की गई। देर रात शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।