नर्सिंग ऑफिसर व एएनएम की नई नियमित भर्ती की मांग तेज

116

– मुख्यमंत्री से 12 हजार नर्सिंग ऑफिसर व 7 हजार एएनएम पदों पर शीघ्र विज्ञप्ति जारी करने की अपील
हनुमानगढ़।
 राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में नियमित नर्सिंग ऑफिसर के 12,000 तथा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के 7,000 पदों पर शीघ्र नई सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने की मांग की है। समिति ने भर्ती प्रक्रिया पूर्व की भांति मेरिट एवं 10, 20 व 30 बोनस अंकों के आधार पर कराने की मांग उठाई है।
संघर्ष समिति ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं में हजारों नर्सिंग ऑफिसर एवं एएनएम संविदा, निविदा, एनएचएम/एनआरएचएम, यूटीबी, प्लेसमेंट एजेंसी, पीपीपी मोड, एनजीओ, 108-104, ममता, एमएमयू, एमएमवी, जनता क्लिनिक सहित अन्य माध्यमों से अल्प वेतन पर वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बनकर काम किया है, लेकिन आज तक उन्हें नियमित नियुक्ति का लाभ नहीं मिल पाया है।
समिति का कहना है कि कई संविदा कार्मिक पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं और अब वे उम्र के अंतिम पड़ाव में पहुंच रहे हैं। ऐसे में यदि शीघ्र नियमित भर्ती नहीं हुई, तो उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। संघर्ष समिति ने यह भी कहा कि वर्ष 2013, 2018 एवं 2023 में की गई भर्तियों की तर्ज पर तथा राजस्थान चिकित्सा नियम 1965 के तहत नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।