– कांग्रेस नेता ललित तुलवान से प्रतिनिधि मंडल ने की मुलाकात, राजनीतिक उपेक्षा पर जताई नाराजगी
हनुमानगढ़। बुधवार को ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तुलवान से मिला। यह मुलाकात समाजसेवी सुरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में हुई, जिसमें हनुमानगढ़ की राजनीति में ओबीसी वर्ग की उपेक्षा पर चिंता जताई गई।
प्रतिनिधि मंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि हनुमानगढ़ जिले की राजनीति में ओबीसी वर्ग की मजबूत भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि चाहे वह टिकट वितरण हो या संगठनात्मक जिम्मेदारियां, दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा ने ओबीसी वर्ग को नजरअंदाज किया है, जिसका परिणाम दोनों को विधानसभा चुनावों में हार के रूप में भुगतना पड़ा।
प्रतिनिधियों का कहना था कि हनुमानगढ़ जैसे बहुजातीय क्षेत्र में यदि ओबीसी वर्ग की उपेक्षा जारी रही, तो भविष्य में राजनीतिक समीकरण और भी प्रभावित होंगे। उन्होंने ललित तुलवान से आग्रह किया कि कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों में इस वर्ग को उपयुक्त स्थान दे, ताकि पार्टी को संगठनात्मक मजबूती के साथ जनसमर्थन भी प्राप्त हो।
ललित दूधवाला ने प्रतिनिधियों की बात को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी संगठन समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है और उनकी मांगों को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में सुरेंद्र लाम्बा, सुरेंद्र मारवाल, पवन सिंहमार, विनोद प्रजापति कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता एवं ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुटता का संदेश देते हुए अपने हक के लिए आवाज बुलंद की।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































