– राष्ट्रीय युवक परिषद ने अधिशाषी अभियंता को सौंपा ज्ञापन, दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद ने हनुमानगढ़ शहर की जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में परिषद ने मांग की कि हाल ही में हुई भारी बरसात और चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों के कारण शहर की अधिकांश सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और टूट-फूट के कारण न केवल आमजन को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। ज्ञापन में बताया गया कि शहर की कई प्रमुख सड़कें सीवरेज कार्य के चलते खोदी गईं, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद उनकी मरम्मत समय पर नहीं करवाई गई। इस बीच हुई तेज बरसात ने स्थिति और भी खराब कर दी। छोटे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों के लिए भी टूटी सड़कों से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। परिषद ने कहा कि यदि समय रहते इन सड़कों की मरम्मत नहीं करवाई गई तो दुर्घटनाओं की संख्या और बढ़ सकती है। परिषद ने अधिशाषी अभियंता से आग्रह किया कि शहर की सभी टूटी हुई सड़कों का मौके पर मुआयना करवाया जाए और तत्काल पेचवर्क (च्ंजबी ॅवता) कर उन्हें दुरुस्त किया जाए। इससे शहरवासियों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि राष्ट्रीय युवक परिषद को पूरा विश्वास है कि विभाग इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर शीघ्र ही मरम्मत कार्य करवाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और आमजन की सुविधा के लिए विभाग की जिम्मेदारी है कि सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि शहरवासी लंबे समय से टूटी सड़कों की समस्या झेल रहे हैं। बरसात का पानी जमा होने से कई इलाकों में हालात और भी खराब हो गए हैं। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को लेकर जनआंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































