चिश्तिया बस स्टैंड पर लोकल व एक्सप्रेस बसों के ठहराव की मांग तेज़

163

– ग्रामीणों ने रोडवेज मुख्य प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, आवाजाही की समस्याएं की उजागर
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत चिश्तिया के ग्रामीणों ने सोमवार को हनुमानगढ़ रोडवेज डिपो पहुंचकर मुख्य प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने गांव चिश्तिया के बस स्टैंड पर लोकल और एक्सप्रेस बसों के नियमित ठहराव की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बसों के नहीं रुकने के कारण उन्हें दैनिक यात्रा और आवश्यक कार्यों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
गांव के सरपंच दर्शन सिंह ने बताया कि चिश्तिया के अलावा आसपास के हिरणावाली, 19 चक, 20 चक, और मानुका जैसे कई गांवों के लोग भी इसी बस स्टैंड पर निर्भर हैं। लेकिन बावजूद इसके, यहां से न तो लोकल बसें और न ही एक्सप्रेस बसें रुकती हैं। जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को अन्य गांवों या मुख्य सड़कों तक पैदल जाकर बस पकड़नी पड़ती है। यह स्थिति विशेष रूप से बरसात और गर्मी के मौसम में अत्यंत असुविधाजनक हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार इस मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला है। सोमवार को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द चिश्तिया बस स्टैंड को नियमित बस ठहराव स्थल घोषित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मुख्य प्रबंधक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस विषय पर उचित कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि बस ठहराव से अन्य रूट प्रभावित नहीं होते हैं और तकनीकी रूप से संभव है, तो चिश्तिया बस स्टैंड को स्थायी ठहराव के रूप में शामिल किया जा सकता है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।