धान, मूंग, मूंगफली व नरमा की खरीद को लेकर किसानों का प्रदर्शन

258

– डिग्गियों की अनुदान राशि और भूमि कुर्की पर भी उठाई आवाज, 18 सितंबर को फिर होगा आंदोलन
हनुमानगढ़। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को किसानों ने धान, मूंग, मूंगफली और नरमा की सरकारी खरीद, डिग्गियों की बकाया अनुदान राशि और कृषि भूमि की कुर्की जैसे अहम मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों की मांगों को लेकर कलेक्टर हनुमानगढ़ व संबंधित अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बैठक चली। बैठक में एक-एक मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने पिछली बैठक के बाद प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी। इस पर अधिकारियों ने बताया कि किसानों की लगातार मांग को देखते हुए इस बार मूंग, मूंगफली और नरमा की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू की जाएगी, जबकि पहले यह प्रक्रिया 15 नवंबर से प्रारंभ होती थी। किसानों का कहना है कि इस फैसले से उपज खराब होने से बचेगी और उन्हें बाजार में औने-पौने दाम पर उपज बेचने से राहत मिलेगी।
डिग्गियों की बकाया अनुदान राशि को लेकर भी किसान लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस महीने के भीतर किसानों के खातों में यह राशि जमा कर दी जाएगी। वहीं धान की खरीद से जुड़े सवाल पर प्रशासन ने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। अधिकारियों ने कहा कि 3 अगस्त तक राज्य सरकार ने धान खरीद से संबंधित पत्राचार केंद्र सरकार को भेज दिया है और अब अंतिम निर्णय केंद्र स्तर पर होना बाकी है।
अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया कि किसानों में बढ़ता गुस्सा प्रशासन और सरकार के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति और उनकी समस्याओं से सरकार को पूरी तरह अवगत करा दिया गया है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।