हनुमानगढ़ टाउन में दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन

106

तरखान रामगढ़िया समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व की जरूरत : विधायक बंसल
हनुमानगढ़ टाउन की इंदिरा कॉलोनी में आज तरखान रामगढ़िया सेवा समिति द्वारा दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गणेश राज बंसल तथा नगर परिषद के पूर्व सभापति सुमित रणवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुग्रंथ साहिब के सहज पाठ के भोग के उपरांत अरदास कर किया गया, जिसमें संगत ने समाज की एकता, भाईचारे और सुख-समृद्धि की कामना की। समाज की ओर से विधायक गणेश राज बंसल का स्वागत माला पहनाकर, सरोपा और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने समाज की विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रति सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा व्यक्त की।
विधायक बंसल ने समाज को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामगढ़िया समाज सदियों से सेवा, मेहनत और त्याग की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज के लोग केवल सामाजिक ही नहीं बल्कि राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आगामी पंचायत एवं नगर परिषद चुनावों में समाज के युवाओं और जागरूक नागरिकों से आगे आकर प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक ने रामगढ़िया समाज की धर्मशाला निर्माण संबंधी मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि नगर परिषद के नए बोर्ड के गठन के बाद समाज को धर्मशाला निर्माण हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सामुदायिक कार्यक्रमों व धार्मिक आयोजनों को एक स्थायी स्थान मिल सके।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा कलगीधर के प्रधान जसवीर सिंह, ठेकेदार सुरजीत सिंह पुन्नी, पप्पू सिंह, लाल सिंह, परमवीर सिंह, बलविंदर सिंह, दर्शन सिंह सग्गू, बूटा सिंह चक बूड़ सिंह वाला, रेशम सिंह, जसदेव सिंह, सरदार बग्गा सिंह, रूप सिंह सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगत को अटूट लंगर का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें सबने प्रेम और सद्भाव के माहौल में सहभागिता निभाई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।