गुड मंडी स्थित स्वामियों के मोहल्ले में निकली गणगौर की भव्य बिंदोरी
हनुमानगढ़ टाउन के गुड मंडी क्षेत्र में स्थित स्वामियों के मोहल्ले में आज गणगौर पर्व के अवसर पर परंपरागत रूप से गणगौर की बिंदोरी बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे मोहल्ले में उत्सव का माहौल बना रहा। ढोल-नगाड़ों, सुहाग के गीतों और पारंपरिक नृत्य के साथ निकली बिंदोरी ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर शालनी स्वामी (शालू) ने गणगौर पर्व की परंपराओं की जानकारी देते हुए बताया कि होली के दूसरे दिन से गणगौर उत्सव की शुरुआत होती है, जो कुल 16 दिनों तक चलता है। इन दिनों में गौर माता और ईश्वर जी की पूजा-अर्चना की जाती है। प्रतिदिन अलग-अलग घरों से गणगौर की बिंदोरी निकाली जाती है, जिसमें महिलाएं अपने सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं। गणगौर और ईश्वर को भगवान शिव और माता पार्वती का प्रतीक माना जाता है।गणगौर का उत्सव 21 मार्च 2026 को मनाया जा रहा है । आज उत्सव के 14वें दिन गौर माता की विशेष बिंदोरी निकाली गई। यह बिंदोरी अंबेडकर कॉलोनी से शंभू स्वामी, एसआई, के निवास से रवाना होकर गुड मंडी स्थित एडवोकेट कैलाश स्वामी के घर पहुंची। बिंदोरी में सबसे आगे ईश्वर जी और गणगौर माता की सुसज्जित प्रतिमाएं थीं, जिनके साथ महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। मार्ग में रंगोली सजाई गई और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बिंदोरी का स्वागत किया गया। शंभू दयाल स्वामी की पत्नी सुमित्रा स्वामी एवं पुत्रवधू शालिनी और दीपिका स्वामी द्वारा बनोरा लेकर बिंदोरी का नेतृत्व किया गया। कैलाश स्वामी के निवास पर पहुंचने के बाद महिलाओं ने विधिवत गणगौर व ईश्वर की पूजा की और प्रसाद अर्पित किया। इस दौरान नवविवाहित महिलाओं सहित मोहल्ले और परिवार की सभी महिलाओं ने एक साथ एकत्रित होकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया। कार्यक्रम में प्रियंका स्वामी, कोमल स्वामी, रेखा स्वामी, सरिता स्वामी, अन्नपूर्णा स्वामी, मंजू सरावगी, ऋतु सरावगी, सुमित्रा स्वामी, पंकज स्वामी, संतोष स्वामी, साक्षी टक्कर, नेहा टक्कर, चंद्रकांता स्वामी, प्रीति स्वामी, निर्मला भार्गव, दयावती स्वामी, सरबती, लीलावती वर्मा, चमेली देवी, तारा देवी वर्मा, मोनिका स्वामी और दीपिका स्वामी सहित अनेक महिलाओं ने भाग लेकर गणगौर माता का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। पूरे आयोजन ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































