हनुमानगढ़ में श्री सनातन धर्म महावीर दल की आमसभा संपन्न

322

– नई कार्यकारिणी का गठन, राजस्थान जोन को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। श्री सनातन धर्म महावीर दल (पंजाब) मुख्यालय चंडीगढ़ की आमसभा रविवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित महावीरदल धर्मशाला में आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वरूप बिहारी शरण की अध्यक्षता में हुई इस सभा का शुभारंभ श्री हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। इसमें चंडीगढ़, बनुड, बडलाड़ा, बठिंडा, मानसा, यमुनानगर, रामामंडी, जालंधर, फाजिल्का सहित पंजाब, हरियाणा और राजस्थान की यूनिटों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस बार राजस्थान जोन को विशेष महत्व देते हुए कार्यकारिणी में बड़ा प्रतिनिधित्व दिया गया। हनुमानगढ़ से विधायक गणेश राज बंसल को संरक्षक, बालकृष्ण गोल्याण को उप प्रधान, प्रेम रतन पारीक को महासचिव तथा प्रहलाद राय गुप्ता को उप दलपति मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में यह निर्णय भी लिया गया कि हनुमानगढ़ के गोगामेडी क्षेत्र में धर्मशाला हेतु भूमि लेकर वहां धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। स्थानीय पदाधिकारियों ने बताया कि इससे श्रद्धालुओं और समाज के लोगों को धार्मिक तथा सामाजिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि श्री सनातन धर्म महावीर दल देश की अग्रणी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं में से एक है। संस्था समय-समय पर उत्तर भारत के विभिन्न धार्मिक स्थलों और मेलों में सेवाकार्य करती रही है। दल ने अब तक इलाहाबाद कुंभ, हरिद्वार कुंभ, कपाल मोचन, कुरुक्षेत्र, नैना देवी, चिंतपूर्णी और अन्य स्थानों पर कैंप लगाकर हजारों श्रद्धालुओं की सेवा की है। सभा के दौरान राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से आए प्रतिनिधियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया। विशेष रूप से सामाजिक सेवा और धार्मिक कार्यों में युवाओं की सहभागिता को बढ़ाने पर जोर दिया गया। समापन सत्र में हनुमानगढ़ महावीर दल के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वरूप बिहारी शरण को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।