‘चौथा बच्चा पैदा करने पर 21000 और पांचवां करने पर 31000 देंगे’ पिंकी चौधरी फिर दिया विवादित बयान, देखें VIDEO

239

दिल्ली से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के गाजियाबाद निवासी और हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी (pinky Chaudhary) उर्फ भूपेंद्र चौधरी ने लव जिहाद को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने ऐलान किया है कि जो भी हिंदू परिवार चौथा बच्चा पैदा करेगा, उसे 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, पांचवां बच्चा होने पर 31 हजार रुपये देने के साथ-साथ बच्चे की शिक्षा-दीक्षा का पूरा खर्च हिंदू रक्षा दल उठाएगा।

पिंकी चौधरी ने हिंदू समाज से जनसंख्या बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि यह उनके अनुसार “परिवार और समाज को बचाने की रणनीति” है। उन्होंने जिहादियों की बढ़ती संख्या का हवाला देते हुए यह बयान दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो किया साझा 
हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा, “भारत को जिस तरह कट्टरपंथियों की बढ़ती जनसंख्या नुकसान पहुंचा रही है, उसी के चलते आतंकवाद और लव जिहाद जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी कारण हिंदू रक्षा दल ने फैसला किया है कि चौथे बच्चे पर 21 हजार रुपये और पांचवें बच्चे पर 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही बच्चे की शिक्षा की व्यवस्था भी संगठन करेगा।”

उन्होंने वीडियो में यह भी कहा कि केवल दो बच्चे पैदा करने वाले हिंदू परिवार देश के लिए घातक स्थिति पैदा कर रहे हैं, जबकि मुस्लिम समाज अधिक बच्चे पैदा कर अपनी संख्या बढ़ा रहा है। उन्होंने आर्थिक तंगी से जूझ रहे हिंदू परिवारों की मदद का दावा भी किया।

पहले भी विवादों में रहे हैं पिंकी चौधरी 
यह पहली बार नहीं है जब पिंकी चौधरी विवादों में आए हों। इससे पहले गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में खुलेआम तलवारें बांटने और एक खास समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी और उनके 23 वर्षीय बेटे हर्ष चौधरी को 80 फुट रोड से हिरासत में लिया गया था। उस समय पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल ने बताया था कि खुलेआम तलवारें और फरसे बांटे जा रहे थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।