Bihar Election: महागठबंधन में बढ़ी खींचतान, तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से किए 8 वादें

323

बिहार ( Bihar Election) में चुनावी माहौल गर्म है और सियासी दल एक के बाद एक नए वादों की झड़ी लगा रहे हैं। कभी एनडीए अपने ऐलानों से वोटरों को लुभा रहा है तो कभी महागठबंधन अपनी ओर से बड़े दावे पेश कर रहा है।

इसी कड़ी में बुधवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम ऐलान किए। तेजस्वी ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो जीविका सीसी दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा और उनकी मासिक सैलरी 30 हज़ार रुपये तय की जाएगी।

यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों की नौकरी को स्थायी किया जाएगा। तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी सरकार आने पर राज्य में महिलाओं और युवाओं के रोजगार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। संक्षेप में कहें तो तेजस्वी यादव का ये प्रेस कॉन्फ्रेंस साफ़ संकेत देता है कि बिहार में इस बार चुनावी लड़ाई सिर्फ़ सत्ता की नहीं, बल्कि वादों और भरोसे की भी है।

क्या-क्या किए तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से वादें

जीविका CM दीदी को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा. यानी स्थाई नौकरी होगी. उनकी सैलरी 30000 कर दी जाएगी।

  • जीविका दीदियों द्वारा लिए गए सभी ऋण के ब्याज को माफ कर दिया जाएगा।
  • जीविका दीदियों को दो साल तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
  • जीविका समूह की दीदियों को अन्य सरकारी काम के लिए 2 हजार प्रतिमाह देंगे।
  • जीविका दीदियों को 5 लाख तक का बीमा सरकार कराएगी।
  • अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को मानदेय दिया जाएगा।
  • बेटी योजना और माई योजना लाया जाएगा। जन्म से लेकर इनकम दिलाने तक सरकार मदद करेगी।
  • बिहार में कार्यरत संविदाकर्मियों को परमानेंट किया जाएगा।

महागठबंधन में बढ़ी खींचतान
बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन में कांग्रेस और RJD के बीच सीटों और साझा घोषणा पत्र को लेकर खींचतान बढ़ गई है। मामला सुलझाने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने अशोक गहलोत को पटना भेजा है।

गहलोत बुधवार सुबह पटना पहुंचे। उन्होंने RJD प्रमुख तेजस्वी यादव और लालू यादव से उनके आवास पर एक घंटे मुलाकात की। गहलोत ने कहा, ‘हमारी लालू जी और तेजस्वी यादव से अच्छी बातचीत हुई है। कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी और सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।”

उन्होंने कहा कि हम एनडीए के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मिलकर चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। बिहार में कुल 243 सीटें हैं, और कभी-कभी 5-7 सीटों पर दोस्ताना मुकाबला हो सकता है। हम साथ मिलकर प्रचार करेंगे और चुनाव जीतेंगे।’ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने भी तेजस्वी से बात की है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

वहीं, महागठबंधन में अब CM फेस को लेकर खींचतान जारी है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, बिहार की जनता राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहती है। राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे तो हम INDIA गठबंधन की सरकार बना पाएंगे।”

महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे तेजस्वी यादव पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, ‘सच है कि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री संख्या बल के आधार पर चुने जाते हैं। RJD के पास वो संख्या बल है। इस बात को हम कितने दिन झुठला सकते हैं। कहना ही पड़ेगा कोई विकल्प नहीं है।’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।