मानव उत्थान सेवा समिति ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया सराहनीय कदम

22

-डीटीओ कार्यालय के पास लगाए तीस पौधे, विधायक बंसल ने की शुरुआत
हनुमानगढ़।
 पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और सराहनीय पहल करते हुए मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा सोमवार को डीटीओ कार्यालय परिसर के पास तीस पौधे मय ट्री गार्ड लगाए गए। सोमवार को पौधारोपण की शुरुआत हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल ने की। उन्होंने पौधरोपण कर समिति के इस कार्य की सराहना की और सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
विधायक बंसल ने कहा कि समिति के अध्यक्ष लाधु सिंह भाटी के नेतृत्व में मानव उत्थान सेवा समिति निरंतर समाज हित में कार्य कर रही है, विशेषकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समिति का योगदान अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्यों की निस्वार्थ सेवा भावना और पर्यावरण के प्रति प्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है। शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी ऐसे कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए ताकि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना किया जा सके।
पौधरोपण कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह सैनी ने भी भाग लिया। उन्होंने अपनी पौती शिफत कौर सैनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक पौधा ट्री गार्ड सहित लगाया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे खास अवसरों को पौधारोपण से जोड़ना एक सकारात्मक परंपरा बननी चाहिए जिससे सामाजिक जागरूकता भी बढ़े और पर्यावरण को भी संजीवनी मिले।
समिति के अध्यक्ष लाधु सिंह भाटी ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर शहर में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किए जाते हैं और ट्री गार्ड लगाकर उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाती है। कार्यक्रम में समिति के अनेक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
इस मौके पर समिति सदस्य लोकराज शर्मा, सुरेंद्र सिंह सैनी, राजेन्द्र सिंह सैंगर, विपिन शर्मा, रमेश शाक्य, राजाराम बिश्नोई, सुधीर थापन, लाधू सिंह भाटी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।