मनीष शाक्य ने रचा इतिहास, चारों कैटेगरी में जीते चारों गोल्ड मेडल

19

-भोपाल में आयोजित शूटिंग चैपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, प्रदेश का नाम किया रोशन
हनुमानगढ़। शहर के होनहार निशानेबाज मनीष शाक्य ने शूटिंग खेल में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। मारवाह शूटिंग एकेडमी से जुड़े मनीष ने भोपाल में आयोजित इंडिया ओपन राइफल पिस्टल शूटिंग चौंपियनशिप में भाग लेकर चार अलग-अलग कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश और जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रही। ऐसे में मनीष शाक्य ने अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास के दम पर चारों कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित करते हुए चारों कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बनने का गौरव भी प्राप्त किया।
कोच परमजीत सिंह (रेक्स) ने बताया कि इस टूर्नामेंट में भाग लेना ही अपने आप में बड़ी चुनौती थी, लेकिन मनीष ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने बताया कि मनीष को चार अलग-अलग कैटेगरी में भाग लेने का मौका दिया गया और उन्होंने हर कैटेगरी में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल पर निशाना साधा।
खास बात यह रही कि मनीष इस समय कक्षा 9वीं की वार्षिक परीक्षाएं भी दे रहे हैं। पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाते हुए इस स्तर का प्रदर्शन करना उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है। कोच ने कहा कि इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना भविष्य के लिए बड़े संकेत हैं।
मनीष की इस सफलता से हनुमानगढ़ सहित पूरे राजस्थान में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनके इस प्रदर्शन से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
परिजनों और कोच परमजीत सिंह (रेक्स) ने विश्वास जताया कि मनीष आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने जिले को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।