विधायक फुसाराम गोदारा का हनुमानगढ़ आगमन, सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता

197

हनुमानगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक फुसाराम गोदारा के हनुमानगढ़ आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर ने गांव मक्कासर में उन्हें पारंपरिक राजस्थानी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। समारोह में कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक फुसाराम गोदारा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार आमजन के लिए पूर्णत: विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल जनता को भ्रमित कर रही है और उनके हितों के विपरीत निर्णय ले रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना को एक बड़ा घोटाला बताया और कहा कि इस योजना के माध्यम से लोगों को ठगने और लूटने का कार्य किया जा रहा है। आमजन के बिजली बिलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है जिससे मध्यम वर्ग और गरीब तबका बुरी तरह प्रभावित है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार केवल पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं के नाम बदलने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को वास्तविक लाभ देने के बजाय सिर्फ प्रचार और दिखावे की राजनीति की जा रही है।
पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर ने कहा कि देश और प्रदेश के प्रमुख नेता केवल हवाई यात्राओं में व्यस्त हैं और उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और बिजली के मुद्दों को लेकर जनता सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक स्थिति बताया और कहा कि जनता को जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।