दलित युवक से मारपीट के आरोप पर नायक महासभा का रोष

87

-दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय नायक महासभा जिला कमेटी, हनुमानगढ़ ने गोलूवाला थाना पुलिस पर धरना दे रहे दलित युवक को उठाकर दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि 17 फरवरी 2026 को गोलूवाला पुलिस थाने के समक्ष भारत की जनवादी नौजवान सभा के नेता रामपाल नायक के नेतृत्व में धरना चल रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी सीआई तेजवंत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने रामपाल नायक व अन्य लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया। महासभा का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक गालियां दीं और रामपाल नायक को उठाकर थाने में ले जाकर मारपीट की।
महासभा ने आरोप लगाया कि इस घटना में सीआई तेजवंत सिंह, कांस्टेबल मनीष, हेड कांस्टेबल भागचंद्र, कांस्टेबल शुभम चौधरी और कांस्टेबल राहुल शामिल थे। संगठन ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे दलित समाज का अपमान बताया है। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी गंभीर खतरा है।
अखिल भारतीय नायक महासभा ने मांग की है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।