-सेठ राधाकिशन बिहाणी बालिका विद्यालय में “भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ी बाधा” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विजेता छात्राओं को किया सम्मानित
हनुमानगढ़। “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मण्डल कार्यालय, हनुमानगढ़ द्वारा शुक्रवार को सेठ राधाकिशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में “भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ी बाधा” विषय पर एक प्रभावशाली निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और सतर्क नागरिकता के मूल्यों को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण में नैतिकता की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
विद्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से समाज में भ्रष्टाचार के नकारात्मक प्रभाव, ईमानदारी के महत्व और जनहित में पारदर्शी प्रणाली की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने अपने लेखन कौशल, तर्कशक्ति और दृष्टिकोण से उपस्थित सभी को प्रभावित किया।
पीएनबी मण्डल प्रमुख श्री नीरज कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “राष्ट्र के विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा भ्रष्टाचार है, और इसे समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर जागरूक रहना होगा।” उन्होंने छात्रों को बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय पारदर्शिता और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जीवनी से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सत्यनिष्ठा और निष्ठा का पालन करने की सीख दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) श्री प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया और सभी विद्यार्थियों को “सत्यनिष्ठा की शपथ” दिलवाई। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा मनाया जा रहा सतर्कता जागरूकता सप्ताह देश में भ्रष्टाचार मुक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता शर्मा ने पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने विजेता छात्राओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ी को ईमानदारी और नैतिकता के मार्ग पर अग्रसर करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































