– विधायक गणेश राज बंसल व गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, नई खुंजा छठ घाट पर होगा चार दिवसीय आयोजन
हनुमानगढ़। श्री सार्वजनिक छठ महोत्सव प्रबंध समिति द्वारा आयोजित भव्य छठ महोत्सव की तैयारियाँ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ चल रही हैं। महोत्सव की शुरुआत आज निकाली गई कलश यात्रा से हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना दिया। कलश यात्रा को विधायक गणेश राज बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रिणवा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पूर्व उपसभपति नगीना बाई, युवा नेता सौरभ शर्मा, राकेश जोशी, सेठ हंसराज से राजेश मिड्ढा, मनोज बड़सीवाल, एडवोकेट भगवान दास रोहिल्ला, राजेश मदान, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर, राकेश जोशी, महिपाल गोस्वामी, बलदेव दास, रिंकू मिश्रा, सत्य सिंह, अनिल गुप्ता, सरपंच रतन धवल, राम सरमैन और दिलीप कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश व हाथों में ध्वज धारण कर भाग लिया। जयघोषों और छठ माता के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नई खुंजा छठ घाट पहुँची, जहाँ मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलशों का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि छठ महोत्सव केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। उन्होंने समिति द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सूर्य देवता से आशीर्वाद लेने की अपील की।
आयोजन समिति सदस्य विजय सिंह चौहान ने बताया कि महोत्सव 25 से 28 अक्टूबर 2025 तक नई खुंजा छठ घाट पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार 25 अक्टूबर को नहान-खान से होगी, इसके बाद रविवार 26 अक्टूबर को खरना (छोटकी छठ), सोमवार 27 अक्टूबर को सांयकालीन अर्घ्य और मंगलवार 28 अक्टूबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ महोत्सव का समापन होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































