-सुरेशिया चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप, हटाने की उठी मांग
हनुमानगढ़। सुरेशिया वार्ड निवासी दर्शनराम की पुत्री रजनी के लापता होने के मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में शुक्रवार को परिजनों व वार्डवासियों ने सुरेशिया पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रजनी की शीघ्र बरामदगी, नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा चौकी प्रभारी विजय को हटाने की मांग की।
प्रार्थी दर्शनराम पुत्र मुखराम, उम्र 53 वर्ष, निवासी वार्ड संख्या 52 सुरेशिया ने बताया कि उनकी पुत्री रजनी 25 नवंबर 2025 की शाम करीब 5.30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास व रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 27 नवंबर 2025 को पुलिस थाना हनुमानगढ़ में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। परिजनों का आरोप है कि रजनी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसके बावजूद पुलिस द्वारा मामले में गंभीरता नहीं बरती गई।
दर्शनराम ने बताया कि लगातार थाने व चौकी के चक्कर लगाने के बावजूद एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का दावा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि रजनी को जग्गु उर्फ जगदीश निवासी चन्नो (पंजाब), स्वरूप उर्फ संदीप निवासी चन्नो (पंजाब), सन्नी उर्फ सुनील निवासी सिरसा तथा अजय उर्फ अजु जाट निवासी बहीया सिरसा द्वारा जबरन अपने पास रखा गया है। 4 दिसंबर 2025 को जब परिजन रजनी की तलाश में गए तो कथित तौर पर आरोपियों ने रजनी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर उनके सामने से भगा लिया।
परिजनों का आरोप है कि सुरेशिया चौकी प्रभारी को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद सहयोग नहीं किया गया। हाल ही में जब परिजन व पार्षद प्रतिनिधि अशोक गौरी थाने में मामले की प्रगति पूछने पहुंचे तो चौकी प्रभारी विजय ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे आक्रोश फैल गया। इसी के विरोध में परिवारजन और वार्डवासी चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































