– रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को दिए पंपलेट व बुक्स
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दूसरे दिन परिवहन विभाग और भटनेर सड़क सुरक्षा समिति की ओर से सोमवार को एनपीएस स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों में यातायात नियमों के प्रति सजगता बढ़ाना तथा उन्हें कम उम्र से ही नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने बच्चों को सड़क सुरक्षा से जुड़े मूलभूत सिद्धांत समझाए और नियमों का पालन न करने से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को रोड सेफ्टी पंपलेट, पुस्तकें और विभिन्न जागरूकता सामग्री वितरित की। बच्चों को ‘नो हेलमेट नो एंट्री’ और ‘नो सीट बेल्ट नो एंट्री’ जैसे महत्वपूर्ण संदेशों की जानकारी देकर बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों ने हेलमेट तथा सीट बेल्ट के उपयोग को जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया और इनका पालन करने की प्रतिज्ञा दिलवाई।
स्कूल परिसर में सड़क सुरक्षा से संबंधित आकर्षक पोस्टर भी लगाए गए, जिनमें यातायात संकेत, सड़क पार करने के नियम, ओवरस्पीडिंग के खतरे और मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले जोखिमों को सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से समझाया गया था। बच्चों ने पोस्टरों में दर्शाए गए संदेशों को बड़ी उत्सुकता से पढ़ा और उनसे संबंधित प्रश्न भी पूछे।
परिवहन निरीक्षक रतन लाल मीना ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के लिए बच्चों में जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चे जब नियम समझते हैं, तो वे न केवल स्वयं पालन करते हैं बल्कि अपने माता-पिता को भी यातायात नियमों की पालन करने की प्रेरणा देते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































