-भगवती गौमाता के अवतरण दिवस पर होंगे गोपूजन, हवन, सुंदरकांड, दीपदान और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अद्भुत झांकी – मूक-बधिर बच्चों की विशेष प्रस्तुति रहेगी आकर्षण का केंद्र
हनुमानगढ़। श्री गोशाला सेवा समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से आगामी विराट गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समिति अध्यक्ष इंद्र कुमार हिसारिया ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि यह भव्य धार्मिक आयोजन संवत 2082 के अनुसार गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 को गोशाला परिसर में मनाया जाएगा। यह महोत्सव गौमाता के अवतरण दिवस को समर्पित रहेगा और दिनभर अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष हिसारिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे गोपूजन के साथ होगा। इसके बाद 10 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे से सुंदरकांड पाठ श्री सुंदरकांड मित्र मंडल टाउन द्वारा किया जायेगा और सायं 5 बजे दीपदानव रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में एक विशेष पहल की जा रही है ‘इलेक्ट्रॉनिक गोग्रास गुल्लक’ की। इसके माध्यम से गोभक्त प्रतिदिन गौसेवा का पुण्य प्राप्त कर सकेंगे और डिजिटल माध्यम से नित्य गोदान कर पाएंगे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस बार महोत्सव में नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय, हनुमानगढ़ के बच्चों द्वारा विशेष योगदान रहेगा। बच्चे गोबर से निर्मित ‘श्री लड्डू गोपाल’ की मूर्तियां तैयार कर रहे हैं, जो महोत्सव के दौरान दर्शन, पूजन और घर में स्थापना के लिए उपलब्ध होंगी। यह पहल समाज में आत्मनिर्भरता और गौसंवर्धन की भावना को बढ़ाने का प्रतीक होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































