
हनुमानगढ़। श्री रामलीला समिति रजि. हनुमानगढ़ टाउन द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीराम की लीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति की परंपरा अनुसार इस बार भी रामलीला का शुभारंभ श्री सुंदरकांड मित्र मंडल द्वारा श्री सुंदरकांड पाठ से किया गया। बीती रात हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग व रामलीला से जुड़े कलाकार उपस्थित रहे और श्री बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला समिति के डायरेक्टर प्रेम रतन पारीक ने बताया कि इस नगर परिषद के रंगमंच पर यह रामलीला लगातार 65 वर्षों से आयोजित की जा रही है। विशेष रूप से मंच पर श्री बालाजी की दक्षिण मुखी झांकी सजाई जाती है, जिसे अत्यंत फलदाई और मनोकामना पूर्ण करने वाली मानी जाती है। इसी परंपरा को निभाते हुए सुंदरकांड पाठ कर इस वर्ष की रामलीला की तैयारियां शुरू हो गई है । यह रामलीला 19 सितंबर से प्रारंभ होकर 3 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन रात्रि 8:15 बजे से मंचित की जाएगी। आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है। राम भक्तों के लिए यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



































