– हनुमानगढ़ उत्तराखंड विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक आयोजन में भक्तिमय माहौल, 30 अक्टूबर को होगा हवन व विशाल भंडारा
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ उत्तराखंड विकास समिति द्वारा जंक्शन स्थित श्री बद्रीनाथ धर्मशाला में श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आरंभ हुआ। शनिवार को हुए शुभारंभ अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग, रामचंद्र बाघला, वीरेंद्र गोयल एवं बबली भट्टेवाले ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंगलाचरण किया गया, जिसके पश्चात हरिद्वार से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य भानु देव शास्त्री ने ध्रुव चरित्र की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि अटूट श्रद्धा, भक्ति और दृढ़ संकल्प के बल पर ध्रुव ने भगवान विष्णु के साक्षात दर्शन प्राप्त किए। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन हो गए और “जय श्री नारायण” तथा “हरि-हरि बोल” के जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा।
समिति अध्यक्ष हयात सिंह एवं हरीश चमोली ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन समाज में आध्यात्मिकता, सद्भाव और संस्कृति के संरक्षण हेतु किया गया है। उन्होंने बताया कि यह कथा सप्ताहभर चलेगी और इसका समापन 29 अक्टूबर को किया जाएगा। समापन के उपरांत 30 अक्टूबर को विधवा हवन यज्ञ का आयोजन होगा, जिसके पश्चात पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं धार्मिक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा पंडाल को आकर्षक रोशनी और पुष्प सजावट से सजाया गया है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
कथावाचक आचार्य भानु देव शास्त्री ने कहा कि भागवत कथा सुनना और समझना केवल धार्मिक कर्म नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि का माध्यम है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कथा श्रवण के साथ-साथ उसके संदेशों को जीवन में आत्मसात करेगा।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन की व्यवस्था में समिति पदाधिकारियों के साथ युवाओं की सेवा भावना सराहनीय रही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































