श्यामलाल सेतिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

115

– फैटी लीवर, शुगर व बीपी की जांच फाइब्रोस्कैन मशीन से निशुल्क — आमजन को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
हनुमानगढ़। श्यामलाल सेतिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जनसेवा की भावना के तहत शुक्रवार को जंक्शन स्थित शर्मा नर्सिंग होम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह ट्रस्ट द्वारा लगाया गया दूसरा स्वास्थ्य शिविर था, जिसमें शहर व आसपास के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।
शिविर में बीकानेर के सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से आए वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. अजय जुनेजा ने निशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ जीवनशैली और खानपान में सुधार के लिए भी उपयोगी सुझाव दिए। शिविर में विशेष रूप से फाइब्रोस्कैन मशीन के माध्यम से फैटी लीवर की जांच, शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर की जांच पूरी तरह निशुल्क की गई। इस सुविधा का लाभ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उठाया।
संस्था के सदस्य विपिन सेतिया ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय-समय पर जांच करवाने की प्रेरणा देना है। उन्होंने बताया कि फैटी लीवर जैसी बीमारियां आज के समय में आम हो चुकी हैं, परंतु इनकी जांच महंगी होने के कारण कई लोग समय पर जांच नहीं करा पाते। इसीलिए ट्रस्ट ने यह पहल की कि फाइब्रोस्कैन जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधा भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाए।
विपिन सेतिया ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा यह दूसरा शिविर आयोजित किया गया है और आगे भी नियमित अंतराल पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को चिकित्सकीय सुविधा उनके नजदीक ही मिल सके। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों की शुगर, बीपी, लिवर फंक्शन आदि की जांच के बाद रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराई गई। वहीं, संदिग्ध मामलों में आगे के उपचार हेतु मार्गदर्शन भी दिया गया।
शिविर में शामिल चिकित्सकों ने बताया कि फैटी लीवर, शुगर और बीपी जैसी समस्याएं गलत खानपान, तनावपूर्ण जीवनशैली और व्यायाम की कमी के कारण तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच करवाना और संतुलित आहार अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।