चैत्र नवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में बढ़ी भक्ति की धारा

16

-दूसरे दिन विद्वान ब्राह्मणों ने किया शत चंडी पाठ, रात्रि में हवन यज्ञ बना श्रद्धा का केंद्र
हनुमानगढ़। 
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में आयोजित शत चंडी पाठ एवं यज्ञ के दूसरे दिन शुक्रवार को भक्तिमय माहौल और भी अधिक गहराता नजर आया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम श्रद्धा व विधि-विधान के साथ चलता रहा। आयोजन श्री नीलकण्ठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में किया जा रहा है।
दूसरे दिन प्रातःकाल देव पूजन, ब्राह्मण वरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात आचार्य पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री व वृद्धांवन से आये विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ शत चंडी पाठ किया गया। वेद मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर पाठ में सहभागी बने। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।
दोपहर बाद श्री नीलकण्ठ महिला मंडल द्वारा भजन संध्या एवं कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने भक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया।
शाम के समय पुनः शत चंडी पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें विद्वान ब्राह्मणों ने शास्त्रीय विधि से पाठ संपन्न करवाया। दिनभर चले इन धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सबसे आकर्षण का केंद्र रात्रि में आयोजित हवन यज्ञ रहा। यज्ञशाला में पंडित धर्मेन्द्र तिवाड़ी के सानिध्य में विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रन्यास संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल, महावीर शर्मा, रत्तीराम शाक्य, सुरेश गुप्ता, महेश लकेसर, विजय भूतना, साहबराम करड़वाल, अनिल शर्मा, महिला मंडल की अध्यक्ष वीना सैनी, सचिव सरोज कंवर, सीमा नारंग, अनिता शर्मा, दया कुमारी, दीपिका गर्ग बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।