शहर में बढ़ते आवारा नंदियों से जनजीवन अस्त-व्यस्त

136

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिला कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग की
हनुमानगढ़। शहर में लगातार बढ़ती आवारा नंदियों की समस्या अब जनजीवन के लिए खतरा बनती जा रही है। नगर परिषद क्षेत्र टाउन व जंक्शन के विभिन्न मोहल्लों में इन आवारा नंदियों का जमावड़ा बना हुआ है, जो न केवल आमजन की आवाजाही में बाधा डाल रहे हैं, बल्कि आए दिन सड़क हादसों का कारण भी बन रहे हैं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि परिषद द्वारा पूर्व में भी नगर प्रशासन को इस दिशा में लिखित रूप से अवगत करवाया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वर्तमान स्थिति में शहर के प्रमुख इलाकों में नंदियों की संख्या इस कदर बढ़ चुकी है कि आम नागरिकों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है। वाहन चालकों को आए दिन इन नंदियों की आपसी लड़ाई का शिकार होना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई बार जानलेवा घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
परिषद ने सुझाव दिया है कि जिला प्रशासन, नगर परिषद, पशुपालन विभाग एवं गौशालाओं के संचालकों की संयुक्त बैठक बुलाकर समन्वित रणनीति बनाई जाए। पशुपालन विभाग की सहायता से नंदियों को अचेत कर नगर परिषद द्वारा वाहन में डालकर बड़ी गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। विशेष आग्रह किया गया है कि बड़ी गौशालाओं में अधिक संख्या में नंदियों को भेजा जाए, जिससे छोटी गौशालाओं पर बोझ न बढ़े और व्यवस्थाएं बनी रहें।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि टाउन व जंक्शन क्षेत्र से 200 नंदियों को गौशालाओं में पहुंचा दिया जाए तो शहरवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है। प्रवीण जैन ने उम्मीद जताई कि जिला कलेक्टर अपनी सकारात्मक सोच व संवेदनशीलता के साथ इस मामले में निजी रुचि लेते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। परिषद ने प्रशासन से अपील की है कि शहर की जनता को आवारा नंदियों से जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन, महेंद्र स्वामी, कुरड़ाराम, रामगोपाल सैन, अभिलाष सलूजा, अजय सलूजा, डॉ इंदरजीत मूंगा, डॉ अशोक नारंग, श्योप्रकाश जाखड़ व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।