– अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हरदीप सिंह चहल 3 दिवसीय दौरे पर, देंगे अधिकारियों को निर्देश
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हरदीप सिंह चहल सोमवार से बुधवार तक हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिलों के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा सिख समाज के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि गत परीक्षा के दौरान कुछ गुरसिख विद्यार्थियों को उनके धार्मिक प्रतीकों ‘ककार’ धारण करने के कारण परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी गई थी। इस घटना के बाद संपूर्ण सिख समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया था।
सिख समाज के रोष को देखते हुए अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हरदीप सिंह चहल ने निरंतर प्रयास करते हुए इस मामले को उच्च न्यायालय तक पहुँचाया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय एवं राज्य सरकार ने आगामी सभी परीक्षाओं में सिख समुदाय के विद्यार्थियों को अपने पांच ककार धारण कर परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की है। यह फैसला न केवल धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करता है बल्कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का भी प्रतीक है।
अब 7 से 12 सितम्बर तक आयोजित होने वाली राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा में भी इन आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करना आयोग का प्रमुख लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से हरदीप सिंह चहल अपने दौरे में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सोमवार को सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली बैठक में वे स्पष्ट निर्देश देंगे कि परीक्षा केंद्रों पर इस प्रकार की कोई भी बाधा या विवाद उत्पन्न न हो।
बैठक के पश्चात वे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से संवाद भी करेंगे और उन्हें आदेशों की जानकारी देंगे ताकि विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के मन से किसी भी प्रकार का भ्रम दूर हो सके। जिसके बाद वह श्रीगंगानगर के लिये रवाना होंगे ओर वहा भी अधिकारियों की बैठक लेगे। आयोग का मानना है कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सभी को समान अवसर मिलना चाहिए तथा किसी भी विद्यार्थी को उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर वंचित नहीं किया जा सकता।
सिख समुदाय के लोग भी इस निर्णय को एक बड़ी जीत मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह कदम उनके बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करेगा और धार्मिक स्वतंत्रता को सशक्त बनाएगा। आने वाले दिनों में यह दौरा अल्पसंख्यक समाज के विश्वास को और मजबूत करने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर स्पष्टता भी सुनिश्चित करेगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































