– जूनियर ब्यूटी प्रेक्टिशनर प्रशिक्षण का समापन, 33 प्रतिभागियों को मिला सम्मान
हनुमानगढ़। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ द्वारा संचालित जूनियर ब्यूटी प्रेक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह सोमवार को उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक बिधु शंकर ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा दिए जाने वाले प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मनिर्भरता ही सफलता की कुंजी है और इस दिशा में आरसेटी का प्रयास उल्लेखनीय है। डॉ. यादव ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि महिलाएं कौशल के साथ आत्मविश्वास को जोड़ लें तो वे न केवल स्वयं को, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी आर्थिक मजबूती प्रदान कर सकती हैं।
जिला कलेक्टर ने कहा कि आज के युग में ब्यूटी एवं वेलनेस सेक्टर तेजी से बढ़ता हुआ उद्योग है, जहां रोजगार और स्वरोजगार के अपार अवसर मौजूद हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं यदि इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यवसाय शुरू करती हैं तो वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में लाकर उद्यमिता की राह पर अग्रसर हों और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।
संस्थान के निदेशक बिधु शंकर ने अपने संबोधन में कहा कि आरसेटी ग्रामीणों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि व्यवसाय को सफल बनाने के लिए छोटी-छोटी बारीकियों पर ध्यान देना और ग्राहकों के साथ मधुर व्यवहार रखना जरूरी है। यदि ग्राहक संतुष्ट होगा तो वही आपके व्यवसाय का सबसे बड़ा प्रचारक बनेगा। उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि समाज सेवा और आत्मनिर्भरता को जीवन का लक्ष्य बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर मनप्रीत सोनी ने 33 प्रतिभागियों को 33 दिन तक निःशुल्क प्रशिक्षण दिया। इस दौरान प्रतिभागियों को निःशुल्क भोजन और आवास की सुविधा भी प्रदान की गई। प्रशिक्षणार्थियों ने मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर और ब्यूटी थेरेपी की बारीकियां सीखी।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संस्था के अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनिल राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, सुरज कुमार और विकास कुमार मौजूद रहे।
अंत में निदेशक बिधु शंकर ने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को आरसेटी से जोड़ें, ताकि वे कौशल प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर भारत निर्माण में भागीदार बन सकें।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































