– डेरा बाबा केहर दास साधु सुधा आश्रम में रामायण पाठ, भोग व विशाल भंडारे का आयोजन
हनुमानगढ़। डेरा बाबा केहर दास साधु सुधा आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी महेश मुनि जी की छठी बरसी श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वामी जी के शिष्यों एवं श्रद्धालुओं ने उनकी समाधि पर माथा टेककर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डेरा महंत स्वामी ऋषि आनंद जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने स्वामी महेश मुनि जी के जीवन, तप, साधना और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, सद्भाव और अध्यात्म को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।
डेरा अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत 27 तारीख को आश्रम में रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। रामायण पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्ति भाव से पाठ का श्रवण किया। 28 तारीख को विधिवत रूप से रामायण का भोग लगाया गया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































